• Fri. Sep 25th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

एक अक्टूबर से जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता, चार स्थलों पर होंगे मुकाबले

एक अक्टूबर से जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता, चार स्थलों पर होंगे मुकाबले

 

चार दिनों तक प्रतिभा दिखाएंगे स्कूली खिलाड़ी; जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

 

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर

मोतिहारी। जिले की स्कूली खेल प्रतिभाओं को एक से चार अक्टूबर तक अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026–27 के मुकाबले गांधी मैदान, खेल भवन, लुंबिनी भवन और नेहरू स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक हुई। इसमें व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई।

बिहार सरकार के खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के वार्षिक खेल कार्यक्रम के तहत होने वाली प्रतियोगिता में सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण और सहभागिता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर भी बैठक में निर्देश दिए गए। नगर निगम को आयोजन स्थलों की साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रतियोगिता की जानकारी विद्यालयों और आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।

आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। जिला खेल पदाधिकारी को सभी संबंधित खेल संघों के साथ समन्वय बनाकर प्रतियोगिता का व्यवस्थित और अनुशासित संचालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी, जिला खेल पदाधिकारी विकास कुमार तथा प्रतियोगिता में शामिल खेल विधाओं के जिला संघों के अध्यक्ष और सचिव उपस्थित रहे।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968