जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी
ब्यूरो प्रमुख- बस्ती जनपद
दिनांक: 17 जनवरी 2026
बस्ती: पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन द्वारा पुलिस लाइन बस्ती के परेड ग्राउंड में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की रिहर्सल का विस्तृत टोलीवार निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न टोलियों की परेड ड्रिल, मार्च पास्ट, सलामी ग्रहण प्रक्रिया, अनुशासन, वर्दी की एकरूपता, शारीरिक मुद्रा एवं समन्वय का जायजा लिया। उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों, रीक्रूट आरक्षियों एवं अन्य बलों की तैयारियों की सराहना की तथा कुछ बिंदुओं पर आवश्यक सुधार हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। सभी जवानों की वर्दी, जूते, बेल्ट एवं अन्य उपकरण स्वच्छ, दुरुस्त एवं एकसमान हों। मार्चिंग में कदमों की एकरूपता, हाथों की स्विंग एवं सिर की मुद्रा पर विशेष ध्यान दिया जाए। परेड कमांडर एवं सहायक कमांडरों को अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन करते हुए टोलियों का नेतृत्व सुनिश्चित करने हेतु कहा गया। रिहर्सल को नियमित रूप से जारी रखते हुए अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल से पूर्व सभी कमियों को दूर किया जाए।
उन्होंने ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। पुलिस बल द्वारा प्रस्तुत परेड न केवल अनुशासन का प्रदर्शन करेगी, अपितु जनता में सुरक्षा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, तथा परेड से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
