निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व रैंकिंग सुधारने पर विशेष ध्यान, विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गई समीक्षा
सम्भल (बहजोई), 15 अप्रैल 2026
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत मुख्यमंत्री के विकास कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा किए जा रहे भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए तथा जिले की रैंकिंग बेहतर करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रत्नेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
