सम्भल में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य आज से शुरू हो गया। जनपद के सभी चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने भवनों पर संख्या अंकित करने तथा घर-घर जाकर जानकारी जुटाने का कार्य प्रारम्भ कर दिया है।
नरौली, बबराला और सिरसी समेत कई क्षेत्रों में सुबह से ही अभियान चलाया गया। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने प्रगणकों का टीका और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में जनगणना का कार्य कराया जा रहा है। बहजोई में जिलाधिकारी आवास और पुलिस अधीक्षक आवास पर भी भवन संख्या अंकित की गई। वहीं सम्भल तहसील क्षेत्र में तहसीलदार धीरेन्द्र कुमार सिंह तथा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मणिभूषण तिवारी ने भी अभियान का निरीक्षण किया।
गुन्नौर तहसील में उपजिलाधिकारी विकास चन्द्र और तहसीलदार रवि सोनकर ने गांवों का भ्रमण कर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्य का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद सम्भल में इस अभियान के लिए 4080 प्रगणक और 680 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। यह अभियान 22 मई से 20 जून तक चलेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों के सही और सटीक उत्तर देकर प्रगणकों का सहयोग करें, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
