तेज गर्मी से जूझ रहे देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए अहम है, क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। यहां 14 तय स्टेशनों में लगातार दो दिन 2.5 mm बारिश होने पर मानसून पहुंचने का ऐलान किया जाता है।
मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन यहां नमी कमजोर होने से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं, दक्षिण-मध्य अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन से भी बादल कमजोर हुए हैं।
यूरोप की मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा को मिलाकर भारत में 15 दिनों की बारिश का पूर्वानुमान निकाला है। इसमें अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में ज्यादा बारिश के संकेत हैं।
मौसम की डिटेल जानने से पहले नौतपा में सेहत का ख्याल रखने वाली यह खबर पढ़ लीजिए…
नौतपा में घर से निकलते हुए सावधान: ये 7 चीजें साथ रखें, 11 सावधानियां जरूर बरतें, इन 9 संकेतों को इग्नोर न करें
मई के आखिरी सप्ताह में सूर्य की किरणें भारत के बड़े हिस्से पर लगभग सीधी पड़ती हैं। इससे जमीन तेजी से गर्म होती है और तापमान बढ़ जाता है। नौतपा की तेज गर्मी और लू से बचने के लिए बाहर निकलते समय कुछ जरूरी चीजें साथ रखें, ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और धूप का असर कम हो।
उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर मंगलवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 47.4°C पहुंच गया। लगातार नवें दिन यहां तापमान 47°C के पार पहुंचा। बांदा के अलावा उत्तर प्रदेश के पांच और जिलों में तापमान 45°C से ज्यादा रहा, इनमें उरई 45.8°C, झांसी 45.5°C, प्रयागराज 45.4°C, आगरा 45.3°C और हमीरपुर 45.2°C शामिल हैं।
राजस्थान का श्रीगंगानगर 47°C तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बीकानेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 46°C रहा। जैसलमेर में 45.6°C और कोटा में 45.4°C रहा। जयपुर में भी 43.2°C था।
महाराष्ट्र के कई जिलों में भी तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया। ब्रह्मपुरी में पारा 46.6°C पहुंचा, जो सामान्य से 3.5°C था। इसके अलावा चंद्रपुर में 46.4°C, वर्धा में 46°C, नागपुर के सोनेगांव में 45.5°C और गोंदिया में 45.2°C रहा।
हरियाणा में सिरसा 46°C, रोहतक में 45.6°C और पंजाब के बठिंडा में 45.8 तक पहुंचा। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 43.5°C रहा, जो सामान्य से 3.1°C ज्यादा था।
