• Fri. Jun 19th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

हमीरा में 500 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त, भूमाफियाओं पर कसा शिकंजा

ByAshok Mishra

Jun 19, 2026

जैसलमेर, 18 जून। नगर विकास न्यास (यूआईटी) जैसलमेर ने अपनी बहुमूल्य भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व ग्राम हमीरा स्थित लगभग 500 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। पुलिस एवं राजस्व प्रशासन के सहयोग से चलाए गए इस अभियान में अवैध निर्माणों, अस्थायी चारदीवारियों तथा कृषि एवं पशुपालन की आड़ में किए गए कब्जों को हटाया गया।
नगर विकास न्यास की हमीरा स्थित भूमि पर लंबे समय से कुछ व्यक्तियों एवं भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे किए जा रहे थे। भूमि के सुगम पहुंच क्षेत्र में स्थित होने के कारण अतिक्रमणकारियों ने कच्चे-पक्के निर्माण कर कब्जा स्थापित करने का प्रयास किया था। वहीं कुछ लोगों द्वारा अस्थायी डिग्गियां बनाकर भूमि का कृषि कार्यों में भी उपयोग किया जा रहा था।
न्यास प्रशासन द्वारा पूर्व में भी ग्राम हमीरा में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। साथ ही संबंधित व्यक्तियों को कई बार चेतावनी एवं समझाइश देकर स्वेच्छा से कब्जे हटाने का अवसर प्रदान किया गया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर गुरुवार को पुलिस बल की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।
इस अभियान के परिणामस्वरूप लगभग 500 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर न्यास की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति को सुरक्षित किया गया। उल्लेखनीय है कि चालू माह में नगर विकास न्यास द्वारा यह दूसरी बड़ी अतिक्रमण निरोधी कार्रवाई है, जिससे भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
नगर विकास न्यास के सचिव सुखाराम पिंडेल ने कहा कि न्यास की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान सचिव सुखाराम पिंडेल के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्रवाई के दौरान भूमि अवाप्ति अधिकारी सत्यपाल खत्री, अधिशासी अभियंता कमलेश मंगल, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, अशोक चौहान, प्रमा राम, तहसीलदार गेगा राम मीणा, पटवारी लोकेन्द्र सिंह, शैताना राम, पूनम शर्मा सहित राजस्व एवं तकनीकी शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन की ओर से सदर थानाधिकारी बाबूराम डेलू के नेतृत्व में पुलिस बल ने कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सचिव पिंडेल ने आमजन से अपील की कि वे न्यास की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण न करें तथा भूमि संबंधी किसी भी जानकारी के लिए न्यास कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा यदि अतिक्रमणकारी स्वयं कब्जा नहीं हटाते हैं तो न्यास द्वारा कार्रवाई कर समस्त व्यय संबंधित व्यक्तियों से वसूल किया जाएगा।
*-

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968