• Mon. Aug 17th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ सुल्तानपुर बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026

रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ सुल्तानपुर बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026

सुल्तानपुर, 28 जून।
आशीर्वाद स्पोर्ट्स क्लब, विवेकनगर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सुल्तानपुर बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का रविवार को शानदार समापन हुआ। अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अधिकांश मुकाबले बेहद रोमांचक और कांटे के रहे, जिससे दर्शकों में अंत तक उत्साह बना रहा।

अंडर-19 बालक एकल वर्ग के फाइनल में अंशुमान गुप्ता ने आकाश तिवारी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अंडर-15 बालक एकल वर्ग में अधीर कुमार ने आर्यन यादव को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में अंजली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता।

अंडर-13 बालक एकल वर्ग में आर्यन यादव ने देवांश तिवारी को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में इप्सिता ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

ओपन डबल्स वर्ग के फाइनल में ऋषभ मिश्रा एवं आकाश तिवारी की जोड़ी ने आदित्य मिश्रा एवं अंशुमान गुप्ता की जोड़ी को कड़े मुकाबले में पराजित कर चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, सुल्तानपुर ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों ही सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन खिलाड़ियों को निराश न होने की सलाह दी जो इस बार विजेता नहीं बन सके और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।

समारोह में श्री शरद चतुर्वेदी, श्री अनूप गुप्ता, श्री जावेद सलीम, श्री अनुज गुप्ता, श्री राजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में यशार्थ गुप्ता, आकाश तिवारी, आदित्य मिश्रा, ऋषभ मिश्रा, अंशुमान गुप्ता, विराज तिवारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता का समापन किया गया।