चार चोरी की मोटरसाइकिलें, मास्टर चाभी, पांच मोबाइल फोन एवं भारतीय-नेपाली मुद्रा बरामद
रक्सौल/मोतिहारी | श्यामल प्रतीक
भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच रक्सौल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के नेपाल कनेक्शन का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी भारत के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचने का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के सरगना विकास कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नेपाल के (रौतहट) जिला अंतर्गत टिकुलिया निवासी मुन्ना आलम, अरविंद सिंह, रूपेश कुमार गुप्ता एवं दिलीप कुमार गिरी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मास्टर चाभी, पांच मोबाइल फोन तथा भारतीय एवं नेपाली मुद्रा में नकद राशि बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, गिरोह मास्टर चाभी की मदद से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेच देता था।
पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तथा सीमा पार सक्रिय नेटवर्क की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना विकास कुमार पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
इस संबंध में रक्सौल थाना कांड संख्या-299/26 दर्ज कर सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सीमा पार संचालित वाहन चोरी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
