विशेष संवाददाता: श्यामल प्रतीक
घोड़ासहन/झरोखर।
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत झरोखर थाना पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। वाहन जांच अभियान के दौरान फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी बॉय को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से स्मैक जैसा मादक पदार्थ एवं नकदी बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, झरोखर थाना क्षेत्र के घोड़ासहन–झरोखर मुख्य मार्ग पर डामर चौक पोखरा के समीप SSB एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय श्रीराम कुमार (22 वर्ष), पिता–जितेंद्र जायसवाल, निवासी घोड़ासहन, को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से उजले रंग का स्मैक जैसा प्रतीत होने वाला मादक पदार्थ तीन पुड़िया में, जिसका कुल वजन 3.93 ग्राम, तथा 5,836 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति का स्रोत और गंतव्य क्या था।
भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में SSB एवं बिहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के कारण मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
