जनपद में आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर *श्रीमती चारू निगम के निर्देशन* एवं *क्षेत्राधिकारी नगर* श्री राघवेन्द्र सिंह की उपस्थिति में आज थाना धम्मौर परिसर में प्रभारी निरीक्षक धम्मौर नें थाना क्षेत्र के समस्त डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर श्री राघवेन्द्र सिंह ने उपस्थित डीजे संचालकों को शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी धार्मिक, सामाजिक अथवा सार्वजनिक आयोजन में डीजे का संचालन केवल सक्षम प्राधिकारी से प्राप्त अनुमति एवं निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही किया जाए। ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे का संचालन न किया जाए।
किसी भी प्रकार के भड़काऊ, अश्लील, आपत्तिजनक अथवा धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाले गीतों का प्रसारण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। डीजे वाहन निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करेंगे तथा उनके संचालन से यातायात अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
प्रभारी निरीक्षक थाना धम्मौर ने डीजे संचालकों से अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों एवं संबंधित आयोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*बैठक के दौरान सभी डीजे संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।*
*आगामी त्योहारों के दृष्टिगत थाना धम्मौर में डीजे संचालकों की बैठक सम्पन्न, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के दिए गए निर्देश*
