स्थान-सुलतानपुर उत्तर प्रदेश, रिपोर्ट-संतोष कुमार पाण्डेय,विशेष सम्वाददाता चाणक्य न्यूज इंडिया
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में माह अगस्त की जिला उद्योग बन्धु की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान, समय-सीमा के उपरांत किसी भी विभाग का कोई प्रकरण लंबित नहीं पाया गया। साथ ही समय-सीमा के भीतर लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी पात्र आवेदन को बिना वैध कारण के निरस्त न किया जाए तथा अनावश्यक विलम्ब होने पर संबंधित अधिकारियों एवं शाखा प्रबंधकों की जवाबदेही तय की जाए।
जिलाधिकारी महोदय ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि सभी बैंक समन्वयकों के माध्यम से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी जिला उद्योग बन्धु बैठक से पूर्व विभागीय स्तर पर समस्याओं का निराकरण कर लिया जाए, ताकि उद्यमियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
बैठक में प्लेज पार्क योजना के अंतर्गत उद्यमियों से स्वप्रेरणा से सहभागिता करने का आह्वान किया गया। साथ ही जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा हस्ताक्षरित एमओयू की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त उद्योग द्वारा 12 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली सीएम युवा कार्यशाला में अधिकाधिक उद्यमियों एवं औद्योगिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, सहायक श्रमायुक्त, अग्रणी जिला प्रबंधक, यूपीएसआईडीए अयोध्या, उ0प्र0 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनपद के उद्यमी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न, निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिये गये निर्देश।*
