• Sat. Aug 8th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

आवड दान सिंह भाटी पोकरण मारवाड़ में पहली बार होगा विराट अति महा रुद्राभिषेक,

ByAshok Mishra

Aug 8, 2026

शक्ति, भक्ति, आध्यात्म और सनातन संस्कृति की पावन धरा परमाणु नगरी पोकरण आगामी 15 से 17 अगस्त तक एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। रामदेवसर तालाब स्थित मार्कण्डेश्वर बेलपत्र महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले अति महा रुद्राभिषेक महाअनुष्ठान को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। आयोजन समिति का दावा है कि संभवत: मारवाड़ में पहली बार इतने विशाल स्तर पर अति महा रुद्राभिषेक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से वेदपाठी, संत-महात्मा एवं हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।

आयोजन की प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी हीर सिंह चारण की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी प्रकाश चौधरी, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी झबर सिंह, जलदाय विभाग के अधिकारी जितेंद्र कुमार, पोकरण तहसीलदार प्रीतम सिंह, पोकरण विधायक के निजी सचिव गुलाब सिंह राठौड़, आयोजन समिति के नरेंद्र गांधी, जुगल किशोर गांधी, चिरजीलाल सोनी, शिव कुमार गांधी,शिवजी चौधरी, जगदीश राठी, रमेश टावरी, संजय गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में चिकित्सा सेवाएं, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन को विशेष यातायात योजना तैयार करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।

उपखंड अधिकारी हीर सिंह चारण ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयोजन समिति के संयोजक नरेंद्र गांधी ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, वैदिक परंपरा और सामाजिक समरसता का महापर्व होगा। उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से पूर्ण सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप लेगा।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से संत-महात्माओं, महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक ध्वज, बैंड-बाजों, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा तीन दिवसीय महाअनुष्ठान का शुभारंभ करेगी।

मुख्य आयोजन 17 अगस्त, श्रावण मास के अंतिम सोमवार को होगा। इस दिन देवों के देव भगवान शिव का 1008 कलशों के पवित्र गंगाजल, दूध, दही, शहद, इत्र तथा विभिन्न औषधीय जड़ी-बूटियों से वैदिक विधि-विधान के अनुसार अति महा रुद्राभिषेक किया जाएगा। लगभग 1501 वेदपाठी यजुर्वेद के गगनभेदी मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराएंगे, जिससे पूरा पोकरण शिवमय वातावरण से गुंजायमान हो उठेगा।

कार्यक्रम में बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, पोकरण, रामदेवरा, लवा सहित मारवाड़ के विभिन्न क्षेत्रों से वेदपाठी, संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी सनातनधर्मावलंबियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने तथा इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है। 

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968