स्थान-सुलतानपुर उत्तर प्रदेश, रिपोर्ट-संतोष कुमार पाण्डेय, विशेष सम्वाददाता चाणक्य न्यूज इंडिया
*रामपुर कुर्मीयान गांव का मामला, लाखों की लागत से बना केंद्र बना उपयोगविहीन*
लंभुआ,सुल्तानपुर। गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और कूड़े के उचित निस्तारण के लिए बनाए गए आरसीसी सेंटर अब अपने उद्देश्य से भटकते नजर आ रहे हैं। लंभुआ ब्लॉक क्षेत्र के रामपुर कुर्मीयान गांव में बने आरसीसी सेंटर की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि जिस केंद्र का इस्तेमाल गांव से निकलने वाले कूड़े-कचरे को एकत्रित करने के लिए होना चाहिए, वहां भूसा रखकर उसे भूसा घर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में घरों से निकलने वाले कूड़े को एक जगह एकत्रित करने और उसके निस्तारण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही है। ऐसे में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
*कूड़ा कहां जाए, जब सेंटर में रखा है भूसा?*
रामपुर कुर्मीयान में आरसीसी सेंटर के निर्माण का उद्देश्य गांव में निकलने वाले ठोस कचरे को व्यवस्थित तरीके से एकत्रित करना और उसका उचित निस्तारण करना था। लेकिन यदि सेंटर में ही भूसा रखा जा रहा है, तो ग्रामीणों के सामने सवाल है कि गांव का कूड़ा आखिर कहां एकत्रित किया जाए?
ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर आरसीसी सेंटर को उसके मूल उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किए जाने की मांग की है। साथ ही गांव में नियमित कूड़ा संग्रहण और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है।
*जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*
आरसीसी सेंटर के इस तरह इस्तेमाल किए जाने की शिकायत ने गांव की स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से बनाए गए सार्वजनिक उपयोग के केंद्र का यदि निर्धारित उद्देश्य के बजाय निजी उपयोग में इस्तेमाल किया जा रहा है, तो इसकी जांच आवश्यक है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या फिर आरसीसी सेंटर इसी तरह भूसा घर बना रहेगा।
