• Wed. Mar 4th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

दमोह पार्टी और खेल से जुड़ी यादों के बीच इकरार उस्ताद का स्नेह मिलना मेरा सौभाग्य – राज्यमंत्री लखन पटेल

पार्टी और खेल से जुड़ी यादों के बीच इकरार उस्ताद का स्नेह मिलना मेरा सौभाग्य – राज्यमंत्री लखन पटेल
==
इकरार उस्ताद सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
==
राज्यमंत्री लखन पटेल रहे मुख्य अतिथि
===
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
====

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल के मुख्य अतिथ्य में दमोह शहर के अंबेडकर चौक स्थित मानस भवन में इकरार उस्ताद का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विवेक शेण्डेय ने की, कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार नरेंद्र दुबे मुख्य वक्ता रहे।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा इकरार उस्ताद खेल, कला और सामाजिक जीवन के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में भी मार्गदर्शक रहे। उन्होंने उस्ताद के मानवीय पक्ष, पारिवारिक संवेदनाओं और खिलाड़ियों के प्रति उनके स्नेह से जुड़े संस्मरण साझा किए तथा कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को उस्ताद के विचारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। बीते 11 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम निरंतर चलता रहना चाहिए।

मुख्य वक्ता नरेंद्र दुबे ने कहा इकरार उस्ताद हर क्षेत्र में ‘उस्ताद’ थे और समाज को जोड़ने का कार्य उन्होंने प्रेम और विश्वास के साथ किया। पूर्व विधायक अजय टंडन ने उन्हें दमोह ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश स्तर पर पहचानी जाने वाली शख्सियत बताया। विवेक शेंडे ने कहा कि हर वर्ष उस्ताद से जुड़े नए प्रेरक प्रसंग सामने आ रहे हैं, जो उनके व्यक्तित्व की व्यापकता को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान खेल, कला-संस्कृति, समाजसेवा और शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावानों को मंच से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने इकरार उस्ताद के जीवन, उनकी उपलब्धियों तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए दमोह के विकास में उनकी भूमिका को याद किया।

कार्यक्रम में बांदकपुर चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र मिश्रा को शौर्य और साहस के लिए सम्मानित किया गया। एमपीपीएससी से डिप्टी कलेक्टर चयनित नम्रता जैन एवं सचिन जैन, डीएसपी चयनित शुभम वर्मा के परिजनों, महिला नेत्र दिव्यांग क्रिकेट टीम की खिलाड़ी सुषमा पटेल, वरिष्ठ खिलाड़ी पी.डी. चौराहा तथा उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य आर.पी. पटेल सहित अन्य लोगों का भी सम्मान किया गया। अंत में सभी अतिथियों ने मिलकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

इकरार उस्ताद की स्मृति में आयोजित हॉकी मैच की विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
#Damoh