सुलतानपुर सुलतानपुर जनपद में दवाओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर आज उत्तर प्रदेश मेडिकल सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन (UPMSRA) के प्रतिनिधिमंडल ने शाखा अध्यक्ष सर्वेश अग्रहरि के नेतृत्व में नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) के चेयरमैन को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट श्री कर्म सिंह के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि हाल के समय में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि दवा कंपनियां मूल्य नियंत्रण के नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से कीमतें बढ़ा रही हैं, जो कि गंभीर चिंता का विषय है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दवाओं के मूल्य निर्धारण में पारदर्शिता लाई जाए, अनियंत्रित मूल्य वृद्धि पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा आवश्यक दवाओं को सख्ती से मूल्य नियंत्रण के दायरे में रखा जाए। इस अवसर पर संदीप कुमार तिवारी (केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य) ने कहा,
दवाओं की कीमतों में इस प्रकार की अनियंत्रित वृद्धि सीधे तौर पर आम जनता के स्वास्थ्य के अधिकार पर हमला है। सरकार और NPPA को इस पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, अन्यथा संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा
वहीं आशीष गुप्ता (शाखा सचिव) ने कहा,मूल्य नियंत्रण की व्यवस्था को सशक्त बनाने की आवश्यकता है। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आम मरीजों के लिए उपचार कराना और भी कठिन हो जाएगा UPMSRA ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के शैलेन्द्र सिंह,अभिषेक मिश्रा, इंदर वर्मा समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


