• Tue. Aug 11th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

थाना परिसर के पास जर्जर बिजली पोल से हादसे का खतरा, ग्रामीणों में रोष

औरैया के बेला। कस्बे के विधूना रोड पर थाना परिसर के पास स्थित हाईटेंशन (एचटी) लाइन का लोहे का बिजली पोल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। पोल का निचला हिस्सा जमीन से गल गया है, जिससे वह कभी भी गिर सकता है। तेज हवा या बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका और बढ़ जाती है, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण बंटू, हरिओम दुबे, बिनीत तिवारी, राजीव मिश्रा, मनोज पाल, रामनिवास पाल और सर्वेश दुबे ने कहा कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग को शिकायत दी, बावजूद इसके हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि थाना परिसर के पास होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही लगातार रहती है। ऐसे में अगर पोल गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द मरम्मत या नए पोल लगाने की मांग की है। इस संबंध में बेला पावर हाउस के जूनियर इंजीनियर (जेई) वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिल चुकी है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से अपील की है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।