सवाई माधोपुर। जिले के पीएम श्री विद्यालय पीपलवाड़ा एवं खिरनी का गुरुवार को संयुक्त शासन सचिव एवं जिला प्रभारी सवाई माधोपुर मुन्नी मीणा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन को नामांकन वृद्धि हेतु विशेष प्रयास करने, निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने तथा विद्यालय भवनों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी सत्र को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार करने एवं अनुपयोगी सामानों का नियमानुसार निस्तारण करने के लिए भी कहा।
जिला प्रभारी ने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा बोर्ड परीक्षा परिणामों में आगामी सत्रों में सुधार लाने के लिए शिक्षकों एवं अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
