• Thu. May 14th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

डीएम ब्रजेश कुमार का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा*

औरैया जिले में मरीजों से जाना हालचाल, दवा स्टॉक से लेकर ऑक्सीजन प्लांट तक की ली जानकारी

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश, मेडिकल वेस्ट निस्तारण व्यवस्था पर भी जताई गंभीरता

औरैया। जनपद का कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार पहली बार 50 शैय्या जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लड बैंक, पैथोलॉजी लैब और ऑक्सीजन प्लांट का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। इस दौरान डीएम ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की स्थिति की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल वेस्ट एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेंद्र कुमार तथा मुख्य चिकित्साधीक्षक अनिल कुमार गुप्ता को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान क्वालिटी मैनेजर सुभाषचंद्र सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।

जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने निरीक्षण के उपरांत बताया कि अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं सामान्य एवं संतोषजनक पाई गई हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता महसूस हुई है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत रहेगा।

अन्य ख़बरें