रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतीक
संदीक्षा वार्षिक कार्ययोजना-2026 के तहत महिलाओं के कौशल विकास पर जोर, सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है एसएसबी
मोतिहारी:=उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार संदीक्षा वार्षिक कार्ययोजना-2026 के अंतर्गत 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मोतिहारी के वाहिनी परिसर में एक दिवसीय ब्यूटीशियन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्री प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन तथा संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती देबारती बनर्जी सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला में अनुभवी ब्यूटीशियन श्रीमती नीलम कुमारी ने प्रतिभागियों को आधुनिक मेकअप तकनीक, आइब्रो शेपिंग तथा विभिन्न प्रकार के हेयर बन (जुड़ा) बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सौंदर्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं प्रोफेशनल ग्रूमिंग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की भी विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान संदीक्षा सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए नए कौशल सीखे और आत्मविश्वास में वृद्धि का अनुभव किया।
सीमाई क्षेत्रों के विकास में निभा रही अहम भूमिका
71वीं वाहिनी एसएसबी मोतिहारी केवल भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वाहिनी समय-समय पर नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के अंतर्गत युवाओं एवं महिलाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित करती है।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटीशियन, कंप्यूटर शिक्षा, खेल प्रशिक्षण, स्वरोजगार उन्मुख कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता अभियान, करियर मार्गदर्शन तथा व्यक्तित्व विकास जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इनका उद्देश्य सीमाई क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
राष्ट्र सेवा के साथ समाज सेवा का भी उदाहरण
71वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करते हैं। इससे स्थानीय युवाओं को नई तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ-साथ रोजगार के लिए आवश्यक कौशल भी प्राप्त होता है। एसएसबी का यह प्रयास “सुरक्षा के साथ सेवा” की भावना को साकार करते हुए सीमाई क्षेत्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारी, संदीक्षा सदस्य एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने कार्यशाला की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
