हाईकोर्ट के आदेश के बाद बड़ी कार्रवाई
पचपेड़वा थाना प्रभारी निलंबित, राजकुमार सिंह बने नए थानेदार
लापरवाही और उदासीनता पर एसपी का कड़ा रुख, पचपेड़वा इंस्पेक्टर ओम प्रकाश चौहान को किया सस्पेंड
एएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद पचपेड़वा एसओ नपे, एसपी बोले- अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं
बलरामपुर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में हुई विभागीय जांच में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता उजागर होने पर पचपेड़वा थाने के प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर 11 सितंबर को यह कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई थी, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद निलंबन का फैसला लिया गया। एसपी ने स्पष्ट लहजे में कहा कि पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में किसी भी स्तर पर लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रभारी के निलंबन के साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस महकमे में फेरबदल भी किया गया है। जिला पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के अनुसार, मीडिया सेल प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह को पचपेड़वा थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
वहीं पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक विवेक कुमार शुक्ला को स्थानांतरित करते हुए मीडिया सेल का नया प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों को अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है। इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
