तेज बारिश के बीच हुआ हादसा, प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शोक की लहर
महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मानिकतलाव टोला धनहिया के पास सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय शिक्षामित्र पंचम यादव की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार पंचम यादव सोमवार शाम गांव से सटे सब्जी के खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली उनके ऊपर जा गिरी। बिजली की चपेट में आने से पंचम यादव गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पंचम यादव प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो पंचम यादव का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शिक्षामित्र की मौत की खबर विद्यालय पहुंचते ही शिक्षक-शिक्षिकाओं में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंचम यादव सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। सभी के साथ उनका व्यवहार बेहद अच्छा था, जिसके चलते गांव में उनकी अलग पहचान थी।
अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरा गांव सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
