सीएसपीडीसीएल ने चलाया सघन बिजली जांच अभियान, 86 कनेक्शनों में मिली अनियमितता
बलौदाबाजार, 19 सितंबर 2026। बलौदाबाजार विद्युत संभाग के अंतर्गत बलौदाबाजार, पलारी और लवन उपसंभाग के 10 वितरण केंद्रों में सीएसपीडीसीएल द्वारा सघन विद्युत जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 176 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 86 कनेक्शनों में अनधिकृत रूप से विद्युत उपयोग किए जाने के मामले सामने आए।
इन मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138 के तहत अपराध दर्ज कराने की प्रक्रिया की जाएगी।

17 टीमों ने की जांच
मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा के निर्देशानुसार बलौदाबाजार वृत्त के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 17 टीमों का गठन कर जांच अभियान चलाया गया। जांच का मुख्य फोकस ऐसे कनेक्शनों पर रहा, जिन्हें पूर्व में ऑनलाइन डिस्कनेक्शन अथवा रिमोट डिस्कनेक्शन के माध्यम से काटा गया था और जिनका बकाया विद्युत बिल उपभोक्ताओं द्वारा जमा नहीं किया गया था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधीक्षण अभियंता (वृत्त) जी.पी. अनंत ने बताया कि इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि विद्युत का उपयोग निर्धारित मीटर के माध्यम से करें और प्रत्येक माह बिजली बिल का समय पर भुगतान करें।
उन्होंने बताया कि शासकीय एवं निजी विद्युत कनेक्शनों में बकाया राशि होने पर रिमोट अथवा ऑनलाइन माध्यम से कनेक्शन विच्छेदित किए जा रहे हैं। हालांकि, वर्तमान में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार स्कूलों, आश्रम शालाओं और छात्रावासों के कनेक्शन विच्छेदित नहीं किए जा रहे हैं। अन्य सभी बकायादार कनेक्शनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला
बलौदा बाजार-भाटापारा
