• Thu. Mar 12th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

JAISALMER राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी

ByNews Editor

Dec 19, 2025 #JAISALMER

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो jaisalmer
JAISALMER राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी बनी जन-जागरूकता का प्रभावशाली माध्यम


JAISALMER , 18 दिसम्बर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान” कार्यक्रम के तहत जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, जैसलमेर के तत्वावधान में 16 दिसम्बर से आयोजित जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी को आमजन एवं छात्र-छात्राओं से व्यापक सराहना मिल रही है। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधियों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए गहन रुचि के साथ अवलोकन किया।


प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य सरकार की विगत दो वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नवाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सहायक निदेशक श्री प्रवीण प्रकाश चौहान ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए आकर्षक फोटो पैनल, जानकारीपूर्ण स्टैंडी सही अन्य माध्यमों के जरिए राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का सरल, रोचक एवं व्यापक प्रदर्शन किया गया है।


उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, रोजगार सृजन, ऊर्जा विकास, ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों को विशेष रूप से दर्शाया गया है। इससे आमजन को न केवल योजनाओं की जानकारी मिली, बल्कि योजनाओं के लाभ उठाने की प्रक्रिया को भी समझने में सहायता मिली।


प्रदर्शनी का अवलोकन करने आए दर्शकों को मुख्यालय जयपुर से प्राप्त राज्य सरकार की विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं से संबंधित प्रचार साहित्य का वितरण किया गया। साथ ही, जिला स्तर पर प्रकाशित जिला विकास पुस्तिका भी आमजन को उपलब्ध कराई गई, जिसमें जिले के समग्र विकास की झलक एवं भविष्य की विकास योजनाओं का विवरण समाहित है।


आगंतुकों ने प्रदर्शनी को जन-जागरूकता बढ़ाने वाली, प्रेरणादायी एवं जानकारी से परिपूर्ण बताते हुए इसकी सराहना की। यह विकास प्रदर्शनी राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकास यात्रा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक एवं सफल प्रयास सिद्ध हो रही है।