• Fri. May 1st, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

संभल में निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर सख्ती 15 विद्यालय दोषी पाए गए, एनसीईआरटी किताबें लागू कराने व 100% नामांकन के निर्देश

संभल (बहजोई), 28 अप्रैल 2026। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में सीबीएसई एवं आईसीएसई से संबद्ध निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शुल्क वृद्धि, एनसीईआरटी पुस्तकों के संचालन तथा नामांकन अभियान जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान शुल्क वृद्धि के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व बैठक में जिन विद्यालयों को प्रत्यावेदन का अवसर दिया गया था, उनमें से 15 विद्यालय निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के दोषी पाए गए हैं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि इन विद्यालयों से संबंधित शुल्क का विवरण तत्काल प्राप्त कर आज ही उनका पक्ष लेकर पत्रावली प्रस्तुत की जाए।
एनसीईआरटी पुस्तकों के संचालन को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। शिकायतें मिल रही थीं कि नर्सरी से कक्षा 8 तक निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें चल रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि इस पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
नामांकन अभियान पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कक्षा 8 और कक्षा 10 उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत प्रवेश क्रमशः कक्षा 9 और 11 में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष अभियान चलाकर ड्रॉपआउट को रोका जाए तथा ऐसे विद्यार्थियों की सूची जिला विद्यालय कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल भारत की प्राचीन पांडुलिपियों, ज्ञान परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने अपील की कि जिन लोगों के पास पुरानी पांडुलिपियां, डायरी या ऐतिहासिक दस्तावेज हैं, वे इसकी जानकारी दें।
जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना की नई व्यवस्था के बारे में बताते हुए कहा कि 7 मई 2026 से 21 मई 2027 तक लोग स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। साथ ही 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम की जानकारी भी दी, जो प्रधानमंत्री द्वारा हरदोई से किया जाएगा, जबकि संभल में लहरावन इंटरचेंज के पास कार्यक्रम आयोजित होगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें