*जनचौपाल में सुनी गयी ग्रामीणों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिये गये निर्देश।*
मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग (उ0प्र0)/जनपद प्रभारी मंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव जी को निरीक्षण भवन, लोनिवि में उनके जनपद आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा मा0 मंत्री जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मा0 प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में कोर कमेटी व समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी बैठक में मा0 सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह, मा0 जिलाध्यक्ष भाजपा सुशील त्रिपाठी, मा0 विधायक सुलतानपुर विनोद सिंह, मा0 विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय, प्रतिनिधि मा0 विधायक लम्भुआ पंकज वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व सदस्यगण उपस्थित रहे।तत्पश्चात् मा0 प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा0 सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह, मा0 विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय, प्रतिनिधि मा0 विधायक लम्भुआ पंकज वर्मा, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा मा0 जनपद प्रभारी मंत्री जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मा0 सदस्य विधान परिषद, विधायक सदर एवं प्रतिनिधि मा0 विधायक लम्भुआ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा वर्तमान में जनपद पिछले माह की 20 वें स्थान से 09 वें स्थान पर पहुंच गया है। पं० दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त होने पर संतोष व्यक्त करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि स्थापित सोलर लाइटें निरंतर कार्यशील रहें तथा उनके रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त होने पर उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। एकीकृत बागवानी मिशन में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा बागवानी परियोजनाओं में मा0 विधायक से सुझाव लिये जाएं। कृषि रक्षा रसायन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना एवं अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे तथा कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द से जल्द बदलना सुनिश्चित किया जाए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि विद्युत बिल संशोधन हेतु प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध किया जा रहा है। इस पर मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि त्रुटिपूर्ण बिल जारी होने की स्थिति ही न आए तथा मीटर रीडरों द्वारा सही रीडिंग के आधार पर बिल जारी किए जाएं। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम में स्वयं सहायता समूहों का गठन एवं सक्रिय संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा सखी एवं दीदी की नियुक्तियां शत-प्रतिशत पूर्ण की जाएं।मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जनपद को ‘ए’ रैंक प्राप्त हुई है। मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को रोजगार भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा शेष आवासों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने एम्बुलेंस सेवाओं की नियमित फिटनेस जांच, ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह एम्बुलेंसों का निरीक्षण किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचालित चारों मोबाइल मेडिकल यूनिट सुचारु रूप से कार्यरत हैं। प्रभारी मंत्री द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी प्राप्त आवेदनों का प्रत्येक माह समयबद्ध निस्तारण किया जाए।जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि 75 प्रतिशत तक पूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पहले पूरा किया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि गांवों में पूर्ण अथवा आंशिक जलापूर्ति की जा रही है। पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिया कि नये कार्यों को जल्द से जल्द अपलोड कर उनका अनुमोदन लिया जाये। वन विभाग की समीक्षा में उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होने ने कहा कि 05 जून को लगाये गये पौधों का वह स्वयं निरीक्षण करेंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मा0 मंत्री जी द्वारा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत परियोजनाओं को 19 पैरामीटर पर आगामी 4 माह में पूर्ण कर लिये जाने के निर्देश दिये गये। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित सभी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के निर्देश दिए। पशुधन विभाग की समीक्षा में उन्होंने सभी विकास खंडों में वृहद गौशालाओं की स्थापना, गोवंशों हेतु चारा एवं वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जनपद में स्वीकृत 09 सेतु निर्माण परियोजनाओं पर कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रगति पर है। नई सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी निरंतर जारी है। उन्होने दोस्तपुर-कादीपुर मार्ग की मरम्मत को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। श्रम विभाग की समीक्षा में मा0 प्रभारी मंत्री ने कन्या विवाह योजना एवं बालिका मदद योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बैंकों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग देने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अन्त में मा0 प्रभारी मंत्री ने अपने सम्बोधन में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विभागीय रैंकिंग में सुधार, कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने तथा जवाबदेही तय करने के निर्देश दिये गये। उन्होनें जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को जोडे़ें तथा उनके जीवन में परिवर्तन लायें। सभी अधिकारी अपने विभागीय कार्यों को टालें नहीं उनको समयबद्ध पूर्ण करने हेतु प्रयास करें तथा अपनी जिम्मेदारी को समझते हुये समय को ध्यान में रखते हुये अपनी सोच को क्रियेटिव करें।अंत में जिलाधिकारी महोदय ने मा० प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाएगा। उन्होनें सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुये बैठक समाप्ति की घोषणा की। तत्पश्चात् मा0 प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास खण्ड करौंदीकलॉ अन्तर्गत ग्राम पंचायत सहाबुद्दीनपुर, तहसील कादीपुर में जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मा0 भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, मा0 विधानपरिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक महोदया चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कादीपुर, क्षेत्राधिकारी कादीपुरए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शैलेष मिश्र, ग्राम प्रधान सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में मा0 प्रभारी मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित अन्य द्वारा मा. मंत्री जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। मा0 प्रभारी मंत्री जी द्वारा दीप प्रज्जवल कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। जन चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का मा0 प्रभारी मंत्री ने अवलोकन किया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर उन्होंने गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए लाभार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया।जन चौपाल को सम्बोधित करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने जनसामान्य से सीधा संवाद स्थापित कर विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा यह जाना कि किन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है और किन योजनाओं का लाभ अभी तक नहीं पहुंच पाया है। राशन कार्ड कितने बने हैं इसकी जानकारी ली गयी तथा राशन कार्ड से वंचित का राशन कार्ड बनाया जाये के निर्देश दिये गये। आयुष्मान कार्ड, आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को शौचालय उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए। कृषि विकास कार्यों में शिथिलता पाये जाने पर मा0 प्रभारी मंत्री ने उपनिदेशक कृषि पर कार्यवाही करने हेतु जिलाधिकारी महोदय को निर्देशित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत श्रीमती चमेाल, श्रीमती अनीता, श्रीमती शीला को आवास की चाबियां प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा लाभार्थियों को निःशुल्क मिनी किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत रविमणि मिश्र, सन्तोष कुमार को डेमो चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन जनकल्याण एवं विकास के संकल्प के साथ हुआ। मा0 प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए।
*मा0 जनपद प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित।*
