रम आदर्श स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन
बलौदाबाजार, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार बलौदाबाजार स्थित परम आदर्श स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष रंजना दत्ता, सदस्य शारदा सोनी एवं हरजीत सिंह चावला ने छात्र-छात्राओं को उपभोक्ताओं के अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
अध्यक्ष एवं सदस्यों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अनुचित व्यापार प्रथाओं, धोखाधड़ी और शोषण से बचाव के उपायों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता ही शोषण से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की दी जानकारी
शिविर में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की जानकारी देते हुए बताया गया कि गुणवत्तापूर्ण वस्तु एवं सेवाएं प्राप्त करना उपभोक्ताओं का कानूनी अधिकार है। किसी भी वस्तु या सेवा की खरीदारी करते समय उसकी कीमत, गुणवत्ता, मात्रा, सेवा की शर्तों एवं संविदा की शर्तों की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए। बीमा, मेडिकल क्लेम, फाइनेंस कंपनियों, बैंकिंग सेवाओं, परिवहन तथा ऑनलाइन खरीदारी में भी उपभोक्ताओं को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग की सुविधा
शिविर में नगरवासियों, पालकों एवं अभिभावकों को ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि उपभोक्ता आयोग में शिकायत ऑनलाइन माध्यम से दर्ज की जा सकती है। इसके लिए उपभोक्ता ई-जागृति पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, अपना पक्ष रखने के लिए प्रत्येक बार आयोग में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना आवश्यक नहीं है। उपभोक्ता ई-हियरिंग के माध्यम से ऑनलाइन कहीं से भी अपना पक्ष अथवा बहस रख सकते हैं। यह सुविधा जिला उपभोक्ता आयोग बलौदाबाजार सहित छत्तीसगढ़ में प्रारंभ हो चुकी है।
शिविर के दौरान आयोग के कर्मचारी दिनेश शर्मा एवं राजेश्वर इंगले, अधिवक्ता संघ बलौदाबाजार के अध्यक्ष शारिक खान, अधिवक्ता राज नारायण त्रिपाठी सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला, बलौदाबाजार-भाटापारा
समाचार को और प्रभावी बनाएं
शीर्षक के नए विकल्प बनाएं
समाचार का संक्षिप्त संस्करण लिखें
