सिंगारपुर में 52 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, चेहरे पर भारी पत्थर से वार का संदेह
भाटापारा, 20 सितंबर 2026। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव में कोदवा जाने वाले मार्ग स्थित इंद्रा कॉलोनी में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजाराम उर्फ चोटी साहू, पिता महत्तर उर्फ बनिया साहू, उम्र लगभग 52 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सूचना मिली कि इंद्रा कॉलोनी में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही एसडीओपी भाटापारा, थाना भाटापारा ग्रामीण, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया, एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
भारी पत्थर से वार कर हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में घटना 19 एवं 20 सितंबर की दरम्यानी रात की होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया भारी एवं वजनी पत्थर से चेहरे पर वार किए जाने से हत्या की आशंका है। घटना के वास्तविक कारणों और अज्ञात आरोपी की पहचान का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
एफएसएल और साइबर सेल भी जांच में जुटे
घटनास्थल पर एफएसएल टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं साइबर सेल की टीम भी मामले से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास गहन छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना के कारणों का पता लगाने और आरोपी तक पहुंचने के लिए जांच जारी है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच के संबंध में आगामी जानकारी पृथक रूप से दी जाएगी।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला
बलौदा बाजार-भाटापारा
