• Tue. Aug 11th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

राजस्थान को जल्द मिलेगी एक और सौगात, खाटूश्यामजी में बनेगा नया रेलवे स्टेशन, अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा

ByAshok Mishra

Jun 21, 2026

Khatu Shyamji Railway Station: राजस्थान के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक और बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि खाटूश्यामजी में जल्द रेलवे स्टेशन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। इस कार्य का वे खुद जमीन पर आकर निरीक्षण करेंगे। मंत्री ने कहा कि खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए करोड़ों की संख्या में भक्त आते हैं, ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि खाटूश्यामजी क्षेत्र में प्रस्तावित सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

रविवार को बीकानेर से सीकर पहुंचे रेल मंत्री ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है और आने वाले समय में प्रदेश को रेलवे क्षेत्र में कई नई सौगातें मिलने वाली हैं।

खुद मंत्री करेंगे दौरा
खाटूश्यामजी रेलवे स्टेशन को लेकर मंत्री ने कहा कि वे स्वयं स्थल का दौरा करेंगे और प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नया विस्तार मिलेगा।

सीकर में बनेगी नई पिट लाइन
इसके साथ ही रेल मंत्री ने सीकर रेलवे स्टेशन पर नई पिट लाइन के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिट लाइन बनने के बाद ट्रेनों की मरम्मत, तकनीकी जांच और गहन सफाई जैसे कार्य स्थानीय स्तर पर ही किए जा सकेंगे। वर्तमान में इस प्रकार की सुविधाओं के लिए ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर भेजना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की अतिरिक्त आवश्यकता होती है।

क्या होती है पिट लाइन?
उन्होंने बताया कि पिट लाइन विशेष प्रकार का ट्रैक होता है, जिसके बीच में निरीक्षण के लिए गड्ढा बनाया जाता है। इससे रेलवे कर्मचारी ट्रेनों के पहियों, ब्रेक सिस्टम और निचले हिस्सों की आसानी से जांच कर सकते हैं। यह सुविधा शुरू होने के बाद सीकर रेलवे स्टेशन की संचालन क्षमता में भी वृद्धि होगी।

सीकर से अधिक ट्रेनों का होगा संचालन
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सीकर शिक्षा और सैन्य सेवाओं के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां से बड़ी संख्या में युवा सेना में सेवाएं दे रहे हैं, इसलिए क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नई पिट लाइन के निर्माण के बाद सीकर से अधिक ट्रेनों का संचालन संभव होगा, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बनेगा धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर
इसके अलावा रेल मंत्री ने सीकर के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर पर भी जल्द काम शुरू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पूरे शेखावाटी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। विवेक त्रिपाठी स्टेट हेड उत्तराखंड चाणक्य न्यूज इंडिया

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968