प्रेम-प्रसंग में राजस्थान के वॉलीबॉल प्लेयर की फरीदाबाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने युवक को किडनैप किया। 3 दिन घर में बांधकर भूखा-प्यासा रखा। लगातार पिटाई करते रहे।
इसके बाद अधमरी हालत में घर के बाहर फेंक दिया। 2 दिन पहले ही पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार (22 मई) को उसकी मौत हो गई।
मूलरूप से भिवाड़ी (राजस्थान) का मोनू वॉलीबॉल में स्टेट लेवल पर कई मेडल जीत चुका था। मोनू ने इसी साल 70% नंबर लेकर 12वीं पास की।
मामा के गांव में हुई दोस्ती
भिवाड़ी (राजस्थान) के सैदपुर गांव निवासी मोनू (21) के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि मोनू का फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था। लड़की नाबालिक है और उसके मामा सैदपुर गांव के ही रहने वाले हैं। यहीं दोनों की मुलाकात हुई। अप्रैल में लड़की भगाने का केस दर्ज हुआ
इसी साल अप्रैल में तिगांव थाने में मोनू के खिलाफ नाबालिग लड़की को भगाने का केस दर्ज हुआ। हालांकि बाद में लड़की बरामद हो गई थी। उसके बाद से ही मोनू के खिलाफ पुलिस की जांच चल रही थी।
थाने में पूछताछ में शामिल होने की बात कहकर निकला
नरेन्द्र ने बताया कि 17 मई को मोनू घर से कहकर गया था कि वह तिगांव थाने जा रहा है। पुलिस को कुछ पूछताछ करनी है। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान लड़की के घरवालों ने मोनू को रास्ते से ही किडनैप कर लिया। 17 मई से 20 मई तक उसे टॉर्चर किया गया। इसके बाद 20 मई को उसे घर के बाहर फेंक दिया।
इलाज के दौरान मौत हुई
नरेन्द्र के अनुसार, इसी दिन हमें पुलिस से सूचना मिली कि मोनू घायल है, जिसे वह इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही हम अस्पताल पहुंच गए। दो दिन इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मोनू के पिता भीम सिंह ड्राइवर है। उसका एक भाई भी है।
आरोपी राउंडअप: पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस मामले में 2 आरोपियों को राउंडअप किया गया है। पुलिस ने मोनू के परिजनों की शिकायत पर किडनैपिंग व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अप्रैल में केस दर्ज हुआ: पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अप्रैल में मोनू नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गया था। जिसे लेकर तिगांव थाना में उसके खिलाफ लड़की के पिता की ओर से केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने लड़की को उसके घर से बरामद किया था, तब से ही मोनू फरार था।
