चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर ब्रेकिंग | नाचना (जैसलमेर)
सत्याया के ट्यूबवेल के पास मिली बमनुमा संदिग्ध वस्तु, पुलिस ने संभाला मोर्चा, आज करेगी सेना जांच
नाचना। नाचना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सत्याया में रघुवीर सिंह सोडा के ट्यूबवेल के पास दिधू रोड पर एक संदिग्ध बमनुमा वस्तु मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भेड़-बकरी चराने के दौरान ग्रामीणों की नजर इस वस्तु पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल नाचना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एएसआई तेजसिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वस्तु को संदिग्ध बमनुमा मानते हुए तुरंत सेना के अधिकारियों से संपर्क किया। सेना के अधिकारियों ने रात्रि होने के कारण मौके पर पहुंचकर जांच करना संभव नहीं बताया और पुलिस को वस्तु को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर संदिग्ध वस्तु को मिट्टी और झाड़ियों से ढंककर सुरक्षित किया तथा पूरे क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। आज सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचकर बमनुमा वस्तु की जांच करेंगे, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वस्तु क्या है और उसमें कोई खतरा है या नहीं।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में सतर्कता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध वस्तु के पास न जाएं और जांच पूरी होने तक दूरी बनाए रखें
